जौनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी में षड्यंत्र करके वित्तीय अनियमिता एवं भ्रष्टाचार करने वाले डूडा के सीएलटीसी यशवीर सिंह को अपर निदेशक, राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) लखनऊ ने बर्खास्त कर दिया। परियोजना अधिकारी डूडा अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी यशवीर सिंह को सन् 2018 में सूडा लखनऊ द्वारा उक्त पद पर यहां आबद्ध किया गया था।
श्री सिंह कन्सलटेन्ट एमआईएस के साथ आपराधिक षडयंत्र करके प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के 07 लाभार्थियों को दुबारा प्रथम किस्त की धनराशि पचास-पचास हजार तथा 05 लाभार्थियों को दुबारा द्वितीय किस्त की धनराशि डेढ़-डेढ़ लाख एवं 12 ऐसे व्यक्ति जिनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के डीपीआर में शामिल ही नही है को प्रथम एवं द्वितीय किस्त की धनराशि तथा 03 लाभार्थियों के प्रथम किस्त की धनराशि दूसरे व्यक्ति के खाते में अवमुक्त कर वित्तीय अनियमिता एवं भ्रष्टाचार किया गया।
इस मामले में मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा सीएलटीसीएवं एमआईएस को नौकरी से निकालने एवं नोटिस देकर धनराशि की वसूली करवाने तथा जिलाधिकारी द्वारा इनके विरूद्ध एफ0आई0आर0 दर्ज कराये जाने का आदेश दिया गया। मुख्य राजस्व अधिकारी के निर्देश के क्रम में सीएलटीसी को नोटिस दी गई है, किन्तु श्री सिंह वसूली कार्य के प्रति उदासीन रहे, जिसके कारण जिलाधिकारी के आदेश पर सीएलटीसी एवं तत्कालीन एम0आई0एस0 आमिर खान के विरूद्ध थाना लाइन बाजार में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई और कार्यवाही हेतु निदेशक सूडा लखनऊ को सूचित किया गया जिस पर सूडा मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से सीएलटीसी यशवीर सिंह की सेवा समाप्त कर नौकरी से बाहर कर दिया है।

No comments:
Post a Comment