जौनपुर । चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई हुई है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक सुरेश तिवारी और बीट आरक्षी राजकुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई चंदवक में हुई घटना के बाद की है। उन्होने चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक होने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी और काम में ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबित किए गए पुलिसकर्मी अपराध रोकने में नाकाम रहे थे।
ज्ञात हो कि चंदवक थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर रविवार देर रात लाठी-डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्रा के रूप में हुई थी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
सच्चिदानंद मिश्रा पुत्र रामचरन मिश्रा का अपने पड़ोसी विष्णु मिश्रा से जमीन और लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते विष्णु मिश्रा ने 12 मार्च को सच्चिदानंद को फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। सच्चिदानंद मिश्रा गांव के पास ताडक मिश्रा के ट्यूबल मशीन पर थे। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सच्चिदानंद को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल सच्चिदानंद मिश्रा को तुरंत डोभी सीएससी बीरीबारी भेजा गया।

No comments:
Post a Comment