जौनपुर। लाइन बाजार थाना अंतर्गत राम घाट पर स्थित आरा मशीन विवादित भूमि पर स्थगन आदेश के बावजूद संचालित होकर ना सिर्फ दिन रात एक करके हरे पेड़ों का भक्षण कर रही है बल्कि भ्रष्ट पुलिस और वन कर्मियों की भूख भी मिटा रही है।
आज दिनांक 6 अगस्त 2022 दिन शनिवार को अवैध रूप से काटकर लाई गई हरे आम की लकड़ी जनपद के कई चौकी और थानों को पार करके राम घाट स्थित आरा मशीन में जा पहुंची जहां पुलिस और वन अधिकारियों के साथ साथ पीड़ित के द्वारा 112 नंबर से भी लगाई गई गुहार बेबस और लाचार होकर रह गई।
वृक्षारोपण का अभियान भले ही आज बिहान होकर रह गया हो लेकिन वन और भू माफियाओं की सांठगांठ से हरे पेड़ प्रतिदिन बड़ी संख्या में नेस्तनाबूद किए जा रहे हैं।
जिस कारण प्राकृतिक पर्यावरण का तेजी से बिगड़ रहा संतुलन महामारियों की ओर अग्रसर हो रहा है।अकूत संपत्ति की लालच में भ्रष्टाचारी भूख पर्यावरण के विनाश का कारण बन रही है। एक तरफ प्रकृति का सिंगार बने हरे पेड़ों से धरती के कोख से हरियाली उजड़ रही है तो वही रुपयों की लालच में धृतराष्ट्र बने जिम्मेदार अधिकारियों की झोली भर रही है।
जनमानस लगातार ग्लोबल वार्मिंग की मार झेल रहा है तो वही भ्रष्टाचारी नोटों के बिस्तर पर करवट और सिलवट बदलने को आतुर नजर आ रहे हैं। रुपयों के लिए कायदा बिगाड़ना आज भ्रष्टाचारियों की शोहरत में शुमार हो रहा है ।
लगातार हरे पेड़ों को काटकर बेखौफ वन माफिया पर्यावरण को ना सिर्फ दूषित कर रहे हैं बल्कि जनमानस को विनाश लीला की ओर ढकेल रहे हैं जिन पर नकेल कसने की जगह भ्रष्ट जिम्मेदार धन दोहन कर रहे जो चिंता के साथ-साथ जांच का भी विषय नजर आता है।

No comments:
Post a Comment